नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर बिजली का करंट लगने से 15 लोगों की दर्दनाक मौत, पूरे प्रदेश में शोक की लहर

 

चमोली। सीमांत जनपद  चमोली में बुधवार की सुबह एक बड़ी हृदयविदारक खबर लेकर आयी। यहां एक हादसे में दर्जन भर से ज्यादा लोग अपनी जान से हाथ धो बैठे। दरअसल , बुधवार यहां उस वक्त कोहराम मच गया जब नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर अचानक करंट फैल गया जिससे वहां काम कर रहे दर्जनों लोग झुलस गए, इनमें से 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कई लोग बुरी तरह झुलसने से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है

यहां मिली जानकारी के अनुसार, चमोली में नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर काम चल रहा है। मंगलवार की रात को बिजली का तीसरा फेस डाउन हो गया था। बुधवार को सुबह के समय तीसरे फेज को जोड़ा गया, लेकिन तभी अचानक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में करंट दौड़ गया, जिससे वहां काम कर रहे लोग झुलस गए। बताया जा रहा है कि जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त साइट पर 24 लोग मौजूद थे, उनमें से 15 लोगों की जान चली गई।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने करंट से लोगों की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को घटना की विस्तृत और गहन जांच के भी निर्देश दिए।  उन्होंने डीएम चमोली से घटना की जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *