गौरीकुंड व सोनप्रयाग मे रोके श्रद्धालु
रुद्रप्रयाग। केदार धाम में हो रही बर्फबारी के कारण धाम में पर्याप्त यात्री व्यवस्था नहीं हो पाई है। जिसके कारण जिला प्रशासन द्वारा बड़ी संख्या में यात्रियों को गौरीकुंड और सोनप्रयाग के विश्राम स्थलों पर ही रोक दिया गया है। हालांकि इन सभी श्रद्धालुओें की इच्छा थी कि वह कपाट खुलने के समय बाबा के प्रथम दर्शन व अखंड ज्योति दर्शन के साक्षी बने। लेकिन मौसम की विसंगतियों और प्रशासन की एहतियाती सख्ती के कारण उनकी यह मनोकामना पूरी नहीं हो सकेगी। श्रद्धालुओं ने इस रुकावट पर मलाल जताते हुए कहा कि हमने तो बहुत प्रयास किए लेकिन शायद बाबा की यही इच्छा रही होगी। देखते हैं कि बाबा कब उन्हें दर्शन देंगे।
