पुलिस के हाथ नहीं लग पाया फरार आरोपी दी कर घर की कुर्की

रुद्रपुर। वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुघ के भाई के घर पर हुई लाखों की चोरी के मामले में फरार चल रहे पांचवे आरोपी के घर पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की है। पुलिस सामान को जब्त कर कोतवाली ले आई। हालांकि पुलिस चार आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है। फरार आरोपी का नाम चोरी के खुलासे में सामने आने के बाद से आरोपी फरार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक भूरारानी के सरस्वती इन्केलव में रहने वाले मनीष चुघ वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुघ के भाई हैं जो अगस्त माह में परिवार के साथ विदेश गए थे। इसका फायदा उठाते हुए चोरों ने घर पर धावा बोलकर सोने-चांदी के जेवरात, दुनाली बंदूक और 50 हजार की नगदी चुरा ली थी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पांचवां आरोपी लंबावड़ निवासी नवाब फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के काफी प्रयास करने के बाद भी आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा तो पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए कोर्ट से कुर्की का आदेश प्राप्त कर लिया। कोतवाल विक्रम सिंह राठौर ने बताया कि मामले की विवेचना कर रहे एसआई  महेश कांडपाल ने पुलिस टीम के साथ आरोपी के पैतृक गांव लंबावड़ जाकर उसके घर की कुर्की की और सारा सामान कोतवाली लेकर आ गए। उन्होंने बताया कि कुर्की की कार्रवाई के बाद भी आरोपी ने अपनी गिरफ्तारी नहीं दी,तो आरोपी पर ईनाम घोषित कर वांछित ईनामी बदमाश की सूची में शामिल कर दिया जाएगा। टीम में हेड कांस्टेबल प्रमोद रावत, हेम फुलारा सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *