अडानी प्रकरण में केंद्र सरकार के रवैये को लेकर महिला कांग्रेस में भारी आक्रोश, एलआईसी कार्यालय पर किया जोरदार प्रदर्शन
मोदी सरकार पर लगाया एक व्यक्ति की खातिर देश की जनता को धोखा देने का आरोप
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने किया प्रदर्शन का नेतृत्व
देहरादून। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा भारतीय जीवन बीमा निगम, भारतीय स्टेट बैंक एवं अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से अपने उद्योगपति मित्र अडानी समूह में जबरदस्ती निवेश कराये जाने के खिलाफ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस ने भारतीय जीवन बीमा निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
आज महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार के संरक्षण में अडानी समूह द्वारा जनता के पैसे की लूट करने का आरोप लगाते हुए यहां एलआईसी की हरिद्वार रोड धर्मपुर शाखा के बाहर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसका नेतृत्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अडानी मामले पर सदन में चर्चा नहीं कर रहे हैं, उनकी चुप्पी स् अडानी के प्रति उनका प्रेम दिख रहा है। मगर हम जनता के पैसों का हिसाब पीएम मोदी से माँगेंगे। संसद में इन प्रश्नों को कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार उठायेंगे।
प्रदेश महिला कांग्रेसअध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि केन्द्र सरकार जिस तरह अपने चहेतों की मदद कर रही है, उससे देश में आर्थिक तंगी व गरीबी को बढ़ावा मिल रहा है, लगता है मोदी जी गरीबी को नहीं बल्कि गरीबों को ही हटाना चाहते हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा, पार्षद उर्मिला थापा ढौंडियाल, मीना बिष्ट, चंद्रकला नेगी, पुष्पा पंवार, अनुराधा तिवारी, रेखा ढींगरा, लक्ष्मी कौशल, बुशरा, चरनजोत कौर, सुशीला, रामप्यारी, सर्वेश्वरी, अंजू भारती व ख़ुशी आदि सहित साकड़ों की तादाद में महिलाएं उपस्थित रहीं।

