दुग्ध उत्पादकों को मिली राहत, अब दो रुपए प्रति लीटर अधिक मिलेगी दूथ की कीमत, दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने किया ऐलान
हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लालकुआ की प्रबंध कमेटी के निर्णय पर दुग्ध संघ द्वारा वर्तमान में बढ़ते दुग्ध मूल्य लागत को दृष्टिगत रखते हुए ग्राम स्तर पर दुग्ध उत्पादकों से क्रय किये जा रहे दुग्ध मूल्य में प्रतिलीटर दो रुपये बढ़ाये जाने व व्यावसायिक दृष्टिकोण को देखते हुए बाजार समीक्षा उपरान्त आंचल दुग्ध एंव उत्पाद दरों का भी निर्धारण किया जायेगा।
इसके साथ ही बाजार की मांग को दृष्टिगत रखते हुए शीघ्र ही होमोनाइज्ड दूध बाजार में लांच किया जायेगा। दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश सिंह बोरा द्वारा उक्त जानकारी देते हुए बताया गया कि जनपद नैनीताल में वर्तमान में संचालित ग्राम स्तर से 595 दुग्ध समितियों के 30 हजार दुग्ध उत्पादकों से क्रय किये जा रहे उनके दूध मूल्य में प्रतिलीटर 02 रुपये बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत वर्तमान क्रय दर 41 रूपये प्रतिलीटर से बढ़ाकर 09 फरवरी से प्रतिलीटर 43 रुपये निर्धारित की गई है। यह इस वर्ष के अंतर्गत तीसरी बार की वृद्धि है जिससे निश्चित ही किसानों की दुग्ध लागत मूल्य की भरपाई हो सकेगीे।
उन्होंने अवगत कराया कि व्यावसायिक दृष्टिकोण को दृष्टिगत रखते हुए बाजार की समीक्षा उपरान्त आंचल दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की दरों का भी निर्धारण किया जायेगा ताकि वर्तमान में गतिमान दुग्ध कार्यकलाप प्रभावित न हो सकेें । उन्होंने बताया कि दुग्ध उत्पादकों को दुग्ध समितियों के माध्यम से लाभान्वित किये जाने हेतु दुग्ध संघ द्वारा बेहतर प्रयास किये जा रहे हैं जिसके अंतर्गत जनपद में पशु चिकित्सा सुविधा के साथ साथ नियमित रूप से आकस्मिक पशु चिकित्सा, पशु रोग निवारण कैम्प, संक्रामक रोगों से सुरक्षा हेतु रोग प्रतिरोधी टीकाकरण कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। इसके साथ ही एन.सी.डी.सी योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर व मेहनतकश दुग्ध उत्पादक सदस्यों हेतु दुधारू पशु क्रय हेतु अनुदान में ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन, पशु पोषण अनुदान, भूसा अनुदान डी.बी.टी. के माध्यम से प्रत्येक दुग्ध उत्पादक के खाते में सीधे भुगतान किया जा रहा है तथा सचिव प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पर्वतीय क्षेत्र के प्रत्येक समिति सचिव को प्रतिलीटर 50 पैसे की दर से सीधे उनके खातों में भेजा जा रहा है। इसके साथ ही बोरा ने कहा कि कि संस्था की बेहतर कार्य प्रणाली बनाये रखने हेतु कर्मचारियों की मांगों के निराकरण के प्रयास किये जा रहे हैं । इसके साथ ही उपभोक्ताओं की मांग को दृष्टिगत रखते हुए पाश्चराइज्ड दूध के साथ ही हार्मोनाइज दूध भी शीघ्र ही बाजार में उतारा जायेगा। उन्होंने जानकारी दी कि दुग्ध विकास मंत्री के निर्देशों के क्रम में आंचल बाजार को बढ़ाने के तहत आज से रामनगर क्षेत्र के मरचूला, मौलेखाल, डोटियाल व मानिला क्षेत्र में दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद बिक्री प्रारम्भ की गई जिसमें प्रथम दिन लगभग दो सौ लीटर दूध व उत्पाद विक्रय किये गये।
