पुलिस ने किया कृष्णा मर्डर केस का खुलासा, हत्या के आरोप में मृतका का लिवइन पार्टनर गिरफ्तार
हरिद्वार। पुलिस ने यहां एक अज्ञात महिला का शव मिलने की घटना का खुलासा करते हुए मृतका के लिवइन पार्टनर को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि गत 17 जनवरी को गैस प्लान्ट चौकी स्थित सरकारी आवास के पीछे नाले से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने प्रकरण का खुलासा करते हुए महिला की हत्या के आरोप में एक शख्स को बिहारीगढ़ सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। अज्ञात महिला का शव मिलने की खबर का तत्काल संज्ञान लेते हुए एसएसपी हरिद्वार अजय सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच कर घटना का जायजा लिया था और जांच टीम का गठन कर शव की शिनाख्त करने व मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए थे।
जांच टीम ने पोस्टमार्टम करने के बाद शव की पहचान के प्रयास किये। इसी दौरान महिला के अज्ञात शव की शिनाख्त ग्राम कुरडीखेडा चाणचक, थाना बिहारीगढ़, जिला सहारनपुर (यूपी) निवासी श्रीमती कृष्णा के रूप में हुई। मृतका कृष्णा ब्रहमपुरी, सिडकुल, हरिद्वार में अपनी चार बेटियों समेत किराए के कमरे पर अपने ही गांव के दीपक नामक युवक के साथ पिछले 04 साल से लिवइन रिलेशनशिप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि कृष्णा का बीते कुछ समय से अवैध संबंध में शक को लेकर दीपक के साथ झगड़ा चल रहा था, जिस कारण दीपक अक्सर उसे मारने की धमकी देता था।शव की पहचान होने पर कोतवाली रानीपुर में मृतका की बेटी की तहरीर पर मु00 21/2023 धारा 302 भादविं पंजीकृत किया गया। घटना के बाद से ही फरार चल रहे नामजद अभियुक्त दीपक द्वारा अपना मोबाईल फोन बन्द करने के चलते अभियुक्त को दबोचने में पेश आ रही तमाम परेशानीयों के बीच मुखबिरों को सक्रिय करने पर जानकारी मिली कि अभियुक्त एक नया मोबाईल नम्बर प्रयोग कर रहा है। गिरफ्तारी से बचने के लिए पुरकाजी, अम्बाला, पानीपत, कुरुक्षेत्र , लुधियाना व पटियाला आदि स्थानों पर लगातार अपना ठिकाना बदल रहे अभियुक्त दीपक पुत्र जितेन्द्र नि0 ग्राम कुरडी खेडा चाणचक थाना बिहारीगढ सहारनपुर को पुलिस टीम ने कठिन परिश्रम के उपरांत दिनांक 22-01-2023 को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त दीपक मृतका कृष्णा के साथ करीब 4 साल से ब्रह्मपुरी में रह रहा था और दोनों पति-पत्नी की तरह रह रहे थे लेकिन कृष्णा ने करीब 15-20 दिन से अभियुक्त दीपक से बातचीत बंद कर दी थी और अभियुक्त का नम्बर भी ब्लॉक कर दिया था अभियुक्त को ये शक था कि कृष्णा का संबंध किसी और से भी है और वह अभियुक्त के साथ नहीं रहना चाहती है। जिस कारण दिनांक 16-01-23 को सुबह दीपक, कृष्णा के कमरे में पहुंचा और कृष्णा को फोन दिखाने के लिए कहा, कृष्णा के फोन पर दीपक को दूसरा सिम मिला जिस कारण दोनों में झगड़ा हुआ। उसी दिन रात्रि में अभियुक्त कृष्णा की कंपनी हर्ष प्लसटो के पास पहुंचा और चौकी गैस प्लांट के पीछे दोनों के बीच दोबारा से इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और अभियुक्त द्वारा कृष्णा को नाली में डालकर ऊपर/पीछे से उसका सिर नाली में दबाकर उसकी हत्या कर दी। अग्रिम आवश्यक कार्यवाही कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है ।

