सीएम धामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कैबिनेट ने दी जोशीमठ आपदा पीड़ितों हेतु 45 करोड़ रुपए के आर्थिक पैकेज को मंजूरी

केंद्र से पैकेज की मांग का मसौदा एक सप्ताह के भीतर होगा तैयार, बिजली और पानी के बिल 6 महीने के लिए हुए माफ़
देहरादून। यहां शुक्रवार को आयोजित धामी कैबिनेट की आपात बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में जोशीमठ आपदा के पीड़ितों के लिए 45 करोड़ रुपए के पैकेज पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट ने फैसला किया है कि प्रभावितों को अब मासिक किराए पर घर के लिए अब चार हजार की बजाय पांच हजार रुपए दिए जाएंगे। साथ ही लोन भरने से एक साल की छूट से लेकर छह महीने तक बिजली पानी के बिल माफ करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही धामी कैबिनेट ने तय किया है कि प्रदेश में भर्ती परीक्षा में नकल माफिया को पूरी तरह से नेस्तनाबूत करने के लिए देश में सबसे सख्त कानून लेकर आया जायेगा। विशेष कैबिनेट बैठक में जोशीमठ के भविष्य को लेकर रोडमैप जारी किया गया। सरकार की कवायद नई टिहरी की तर्ज पर नया जोशीमठ बसाने की है।
आज की बैठक में इन प्रमुख प्रस्तावों को निली कैबिनेट की मंजूरी-
45 करोड़ की आर्थिक सहायता को कैबिनेट ने जारी करने की दी मंजूरी
पांच जगहों को पुनर्वास के लिए किया कैबिनेट ने चिन्हित
चार हजार की जगह 5 हजार किया गया प्रभावित परिवारों के लिए किराया की दर
किराए राशि में कैबिनेट ने की एक हजार रुपए की वृद्धि, बैठक में मौजूद मंत्रियों ने एक माह का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का लिया फैसला
जोशीमठ आपदा प्रभावितों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा करेंगे मंत्री एक माह का वेतन
राहत शिविरों में रह रहे लोगों को एक दिन के भोजन के लिए दिए जाएंगे 450 रुपये
राहत शिविर की बजाय खुद से खाना बनाकर खाने वाले को भी एक व्यक्ति की दर से एक दिन के खाने के दिये जाएंगे 450 रुपये
पालतू पशुओं के विस्थापन के लिए प्रति पशु दिए जाएंगे 15 हजार रुपये
बड़े पशुओं के चारे के लिए दिए जाएंगे 80 रुपये और छोटे पशुओं के लिए 40 रुपये
नवंबर महीने से 6 महीने के लिए माफ किये गए बिजली और पानी के बिल
सहकारी बैंक से लिए गए लोन को अगले एक साल तक न भरने की दी गई छूट
वाणिज्यक व सरकारी बैंक की किस्त पर एक साल तक रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार से किया जाएगा अनुरोध

