लेन-देन के विवाद में दोस्तों ने मारा था जसवीर को, दोनों आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर। दो दिन पहले दुकान पर खड़े युवक की गोली मारकर हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में हत्या को अंजाम दिया गया था। गौरतलब है कि गत 5 अगस्त की रात्रि में गदरपुर थाना क्षेत्र में दुकान के बाहर जसवीर सिंह नामक युवक की बाइक सवार दो युवकों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। रविवार को एसएसपी ने मामले का खुलासा करते हुए मीडिया को वारदात के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने हत्या के मामले में मृतक के दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियो से घटना में प्रयुक्त दो तमंचे और बाइक भी बरामद की गई है। एसएसपी के मुताबिक, मृतक जसवीर सिंह और आरोपी जगजीत सिंह उर्फ जग्गा और प्रदीप सिंह निवासी रोशनपुर गदरपुर तीनों अच्छे दोस्त थे। तीनों का साथ उठना बैठना रहता था और आए दिन साथ में खाते पीते थे। आरोपियों से की गई पूछताछ में पता चला कि कुछ समय पूर्व जसवीर से पेसों की लेन देने को लेकर उनका विवाद हो गया था। पांच अगस्त को तीनों लोग लेनदेन को लेकर दुकान के बाहर बातचीत कर रहे थे। तभी दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि उन्होंने जसवीर सिंह पर गोली चला दी और दोनों मौके से फरार हो गए। आसपास के लोग उसे अस्पताल ले गए जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था। उसके बाद मृतक के परिजनों ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। गहन जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को गदरपुर के डलपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक जसवीर पर थाना गदरपुर में 7 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। एसएसपी ने मामले का 24 घंटों में खुलासा करने के लिए जांच टीम को पांच हजार का इनाम और सर्विस बुक में गुड इंट्री देने की घोषणा की है।
